विधायक रमेश जायसवाल ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान का किया शुभारंभ संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए घर -घर भी जाएंगे स्वास्थ्यकर्मी - Media Times

Breaking News

 नमस्कार   मीडिया टाइम्स में आपका स्वागत है Media Times

ad

 


Saturday, July 1, 2023

विधायक रमेश जायसवाल ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान का किया शुभारंभ संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए घर -घर भी जाएंगे स्वास्थ्यकर्मी

चन्दौली। विशेष संचारी रोग नियत्रंण अभियान का शुभारंभ शनिवार को  कलेक्ट्रेट परिसर में विधायक (मुगलसराय) रमेश जायसवाल  ने दीप प्रज्वलित कर किया।


 

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संचारी रोग नियन्त्रण अभियान कार्यक्रम माननीय मुख्य मंत्री योगी आदित्य नाथ जी का महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है। जिसको  प्रदेश के प्रभावित जनपदो में चलाया गया। उसके अच्छे परिणाम प्राप्त होने के पश्चात प्रत्येक वर्ष तीन चरण में प्रदेश के समस्त जनपदो में अर्न्तविभागीय समन्वय स्थापित करते हुए अब तक इसके 16 चरण पूर्ण कर लिए गये है। जिसके प्रभाव से संचारी रोग में होने वाले मृत्यु दर में काफी कमी आ गयी।


 

जिस कारण उत्तर प्रदेश पुरे देश में अपना एक महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त कर चुका है। रमेश जायसवाल ने कहा कि हम सभी का दायित्व बनता है कि एक साथ मिलकर इस कार्यक्रम को शिखर पर पहुचाये।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ वाई के राय जनपद मुख्यालय व ब्लॉक स्तर पर शुरू हुये संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत संचारी रोगों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। संचारी रोग नियंत्रण और दस्तक अभियान के मद्देनजर विभाग ने पूरी पूरी तैयारी कर ली है। रैली में संचारी रोगों से बचाव के उपकरण जिसमें फागिंग मशीन,लार्वा साईडर पंप, आदि उपकरणों को भी रखा गया जिसमें पोस्टर व बैनर के साथ आशा व आंगनबाडी कार्यकर्ता एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। साथ ही आशा कार्यकर्ता के मदद से संचारी रोगों के प्रति लोगों को जागरूक कर साफ-सफाई के प्रति प्रोत्साहित किया जाएगा।


 

उन्होंने बताया कि यह अभियान 31 जुलाई तक चलाया जाएगा। इसी बीच दस्तक अभियान 17 से 31 जुलाई तक चलेगाl अभियान में स्वास्थ्य कर्मी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में घर-घर सर्वे  कर इन्फ्लुएंजा लाइक इलनेस (आईएलआई), टी.बी. व फाइलेरिया  के संभावित मरीजों व कुपोषित बच्चों को चिन्हित कर सूची बनाएंगी।

जिला मलेरिया अधिकारी (डीएमओ) पीके शुक्ला ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान में विभिन्न विभागों की ओर से अलग-अलग गतिविधियां संचालित की जायेंगी। जिसके लिए शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था की निगरानी की जायेगी। कहीं भी जलभराव की स्थिति न हो यह सुनिश्चित किया जायेगा। ग्रामीण व मलिन बस्तियों में पीने के पानी की जांच भी की जायेगी। इसके साथ ही आशा व आंगनबाडी कार्यकर्ता घर-घर सर्वे अभियान के तहत हर दूसरे घर में संचारी अभियान जागरूकता पोस्टर भी चस्पा करेंगी।

सहायक मलेरिया अधिकारी राजीव सिंह ने बताया - संचारी रोगों व दिगामी बुखार की रोकथाम अभियान के साथ ही दस्तक अभियान भी चलाया जायेगा। प्रशिक्षित कार्यकर्ता घर-घर भ्रमण कर विभिन्न रोगों के नियंत्रण एवं उपचार की जानकारी प्रदान करने के लिये प्रचार एवं प्रसार से संबंधी गतिविधियों को संचालित करेंगी। इसके साथ-साथ आशा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता इस अभियान के अंतर्गत कुपोषित बच्चों तथा अन्य रोगों के लक्षणयुक्त व्यक्तियों को चिन्हित कर उन्हें सूचीबद्ध करेंगी। इनमें मुख्य रूप से बुखार, इंफ्लुएंजा,दिमागी बुखार, टीबी, फाइलेरिया , कुपोषण और दिव्यांगता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ।

संचारी रोग नियंत्रण अभियान में निगरानी समितियों की अहम भूमिका होगी। निगरानी समितियों के माध्यम से संचारी रोग के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। आशा कार्यकर्ता, परिवार में किसी सदस्य को बुखार या परिवार के किसी सदस्य दो सप्ताह से ज्यादा खांसी व बुखार तो नहीं है या परिवार में किसी का वजन कम हो रहा हो या किसी बच्चे के स्वास्थ्य का स्तर सामान्य से कम तो नहीं, ऐसे परिवारों के मरीजों की लाइन लिस्ट तैयार कर स्वास्थ्य विभाग को सौपेंगी। 

इस अभियान में 12 विभागों को शामिल किया गया है। जिसमें नगर निगम जिला पंचायत, पशुपालन विभाग, कृषि विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार पोषाहार विभाग, शिक्षा विभाग, सूचना विभाग, स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग,सिंचाई विभाग तथा नगर विकास विभाग हैं।

इस कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, एसीएमओ डॉ हेमंत कुमार, डॉ अमित दुबे, डीएमओ पीके शुक्ला, एएमओ राजीव सिंह एवं मलेरिया विभाग के स्टाफ कर्मी शामिल रहे।




 

No comments:

Post a Comment

Post Top Ad